Wednesday, October 21st, 2026

अब सभी पेंशन प्रकरण ऑनलाइन तैयार होंगे, भुगतान में नहीं होगा विलंब

 भोपाल

सुप्रीम कोर्ट के ताजा निर्णय के संदर्भ में अगले माह में सेवानिवृत्त होने वाले सभी सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों को ऑनलाइन तैयार कर लिया जाएगा ताकि पेंशन भुगतान में एक भी दिन का विलंब नहीं हो।

पेंशन प्रकरणों के सबंध में आने वाली कठिनाईयों के लिए संभागीय पेंशन अधिकारी व कोषालय से सम्पर्क किया जा सकता है। सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों में आ रही कठिनाइयों के निराकरण के लिये तीन दिवसीय प्रशिक्षण के समापन सत्र में इस विषय पर चर्चा हुई।

वल्लभ कोषालय भोपाल द्वारा वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली (आईएफएमआईएस) के अंतर्गत पेंशन प्रकरणों में आ रही विभिन्न स्तर के अधिकारी और कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण किया गया। इससे संबंधित पेंशन एवं ईएसएस माडयूल के अंतर्गत कठिनाइयों के त्वरित निराकरण के लिये वित्तीय सलाहकार, वित्तीय अधिकारियों तथा आहरण संवितरण अधिकारियों को प्रशिक्षित कर उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया।

वरिष्ठ कोषालय अधिकारी, वल्लभ भवन प्रदीप ओमकार, सहायक कोषालय अधिकारी भारती देशमुख, कोषालय स्टाफ एवं पेंशन कार्यालय के अधिकारियों ने ईएसएस व पेंशन मॉडयूल के अंतर्गत पेंशन प्रकरणों को ऑनलाइन तैयार करने की प्रक्रिया और निराकरण संबंधी जानकारी विस्तार से बताई। उन्होंने सेवानिवृत्त होने वाले समस्त अधिकारी-कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों को ऑनलाइन तैयार करने की जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन में संचालक पेंशन एवं संभागीय पेंशन अधिकारी भी उपस्थित थे।

 

#पेंशन प्रकरण

Source : Agency

पाठको की राय