Monday, October 19th, 2026

शहरों में आधे घंटे और ग्रामीण इलाकों में एक घंटे के भीतर पहुंच जाएगी कोरोना वैक्सीन

भोपाल
 शहरों में करीब आधे घंटे में और ग्रामीण इलाकों में आधे से एक घंटे के भीतर कोरोना की वैक्सीन टीकाकरण केंद्र तक पहुंच जाएगी। इसके लिए फोकल पाइंट (जहां वैक्सीन को रखा जाता है) की संख्या बढ़ा दी गई है। प्रदेश में पहले 1190 फोकल पाइंट थे। अब 40 और बढ़ गए हैं। 12 और पाइंट बढ़ाने की तैयारी है। इसका मकसद यह है कि दूरस्थ अंचलों में यहां से एक घंटे के भीतर टीकाकरण केन्द्र तक टीका पहुंचाया जा सके। इसके अलावा भारत सरकार से 411 नए आइस इन रेफ्रिजरेटर (आइएलआर) मिले हैं। एक आइएलआर में वैक्सीन के 36,600 डोज रखे जा सकेंगे।

कम से कम पांच दिन लगेंगे स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण में

राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. संतोष शुक्ला ने बताया कि सबसे पहले प्रदेश के करीब चार लाख स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाना है। इनकी पूरी जानकारी भारत सरकार के विशेष पोर्टल पर अपलोड है। उन्होंने बताया कि सभी कर्मचारियों के टीकाकरण में पांच से छह दिन लगेंगे। जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिविल अस्पताल समेत कुछ अन्य केन्द्रों में टीका लगाया जाएगा। भोपाल में 25,400 कर्मचारियों को टीकाकरण के लिए चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि यूनिसेफ के सहयोग से आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के मास्टर ट्रेनर्स को एक दिन दो घंटे के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।

 

#कोरोना वैक्सीन

Source : Agency

पाठको की राय