Wednesday, October 21st, 2026

भारत में टीकाकरण का ऐतिहासिक आंकड़ा, 34 दिनों में 1 करोड़ से अधिक

नई दिल्ली
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि भारत को एक करोड़ कोविड-19 टीकाकरण की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने में 34 दिन लगे जो कि दुनिया में दूसरी सबसे तेज गति है। अमेरिका को इसमें 31 दिन लगे, जबकि ब्रिटेन को एक करोड़ टीकाकरण आंकड़े को पार करने में 56 दिन लगे।

शुक्रवार सुबह 8 बजे तक, देश में स्वास्थ्यकर्मियों और कोविड-19 के खिलाफ अग्रिम मोर्चे पर लगे कर्मियों (एफएलडब्ल्यू) को दिए गए कोविड-19 टीके की खुराक की कुल संख्या 1,01,88,007 थी। मंत्रालय ने कहा, ‘सुबह 8 बजे तक की अंतरिम रिपोर्ट के अनुसार 2,11,462 सत्रों के माध्यम से टीके की कुल 1,01,88,007 खुराक दी गई हैं। इनमें 62,60,242 स्वास्थ्य कर्मी (पहली खुराक), 6,10,899 स्वास्थ्यकर्मी (दूसरी खुराक) और कोविड-19 के खिलाफ अग्रिम मोर्चे पर लगे 33,16,866 कर्मी (पहली खुराक) शामिल हैं।’

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में दिन-प्रतिदिन टीकाकरण की संख्या में प्रगतिशील वृद्धि देखी जा रही है। देश में दिए गए टीकों की खुराक का 57.47 प्रतिशत 8 राज्यों में दिए गए। अकेले उत्तर प्रदेश में 10.5 प्रतिशत (10,70,895) टीके दिए गए हैं। 7 राज्यों में टीके की दूसरी खुराक का 60.85 प्रतिशत हिस्सा है। देश में दी गई दूसरी खुराक का 12 प्रतिशत (73,281) हिस्सा तेलंगाना में है।

सोलह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने 24 घंटे में किसी भी कोविड -19 की मौत की सूचना नहीं दी है। ये गुजरात, हिमाचल प्रदेश, गोवा, झारखंड, मेघालय, पुदुचेरी, चंडीगढ़, मणिपुर, मिजोरम, लक्षद्वीप, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और दमन एवं दीव और दादरा एवं नागर हवेली। 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक से पांच के बीच मरीजों की मौत की सूचना है जबकि तीन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में यह संख्या छह से 10 के बीच है।

 

#टीकाकरण

Source : Agency

पाठको की राय