पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव ऑपिनियन पोल
नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। इस बीच सी-वोटर के एक ऑपिनियन पोल में पांचों राज्यों के सियासी मिजाज को भांपने की कोशिश की गई। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी मुख्यमंत्री पद के लिए लोगों की पहली पसंद बनी हुई हैं। असम में एक बार फिर बीजेपी की सरकार बन सकती है। सर्वे के मुताबिक तमिलनाडु में इस बार सत्ता परिवर्तन के आसार हैं।
मुख्यमंत्री के लिए ममता पहली पसंद
पश्चिम बंगाल में किसे मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं? इस सवाल पर सर्वे में शामिल 56 प्रतिशत लोगों ममता बनर्जी को सीएम के तौर पर देखने की ख्वाहिश जताई। 25 प्रतिशत लोगों ने बीजेपी नेता दिलीप घोष को। 9 फीसदी लोग मुकुल रॉय को सीएम के तौर पर देखना चाहते हैं जबकि 2 फीसदी लोगों ने सुवेंदु को पसंद बताया।
ममता बनर्जी के कामकाज से ज्यादातर संतुष्ट
सर्वे में शामिल 48 प्रतिशत लोगों ने ममता बनर्जी सरकार के कामकाज को अच्छा बताया। 34 फीसदी ने ममता सरकार के कामकाज को खराब, वहीं 18 प्रतिशत ने औसत करार दिया। बतौर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कामकाज कैसा रहा? इस सवाल के जवाब में 54 प्रतिशत लोगों ने अच्छा, 30% ने खराब और 16 प्रतिशत ने औसत बताया।
पीएम मोदी के कामकाज से भी खुश, क्या बीजेपी को मिलेगा फायदा?
पीएम मोदी का कामकाज कैसा रहा? इस सवाल के जवाब में 47 फीसदी ने अच्छा, 39 फीसदी ने खराब और 14 प्रतिशत ने औसत करार दिया। पीएम मोदी और अमति शाह के बंगाल के ज्यादा दौरों से बीजेपी को फायदा होगा या नहीं, इस पर 45 प्रतिशत ने कहा कि हां, फायदा होगा। 41 प्रतिशत को लगता है कि पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह के दौरों से बीजेपी को कोई फायदा नहीं होगा। 14 प्रतिशत लोगों की इस पर कोई राय नहीं थी।
असम में एक बार फिर बीजेपी सरकार की भविष्यवाणी
सर्वे के मुताबिक, 126 विधानसभा सीटों वाले असम में एक बार फिर से बीजेपी की सरकार बन सकती है। पार्टी को 68-76 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस गठबंधन को 43-51 सीटें और अन्य के खाते में 5-10 सीटें जा सकती हैं। अगर वोट शेयर की बात करें तो सूबे में बीजेपी को 42 प्रतिशत, कांग्रेस+ को 31 प्रतिशत और अन्य के खाते में 27 प्रतिशत वोट जा सकते हैं। पूर्वोत्तर राज्य असम में अभी बीजेपी के सर्वानंद सोनोवाल मुख्यमंत्री हैं।
तमिलनाडु में इस बार स्टालिन सरकार?
सर्वे के मुताबिक, तमिलनाडु में इस बार सत्ता परिवर्तन हो सकता है। यहां एआईएडीएमके-बीजेपी गठबंधन को करारी शिकस्त झेलनी पड़ सकती है। तमिलनाडु में विधानसभा की 234 सीटें हैं। सर्वे के मुताबिक यहां बीजेपी-एआईएडीएमके गठबंधन को 58 से 66 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है। डीएमके-कांग्रेस गठबंधन को 154 से 162 सीटें मिल सकती हैं। वहीं अन्य के खाते में 8 से 20 सीटें जाने का अनुमान है। बात अगर वोट शेयर की करें तो एआईएडीएमके-बीजेपी को 29 प्रतिशत, डीएमके-कांग्रेस गठबंधन को 41 और अन्य को 30 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है।

पाठको की राय