सिर का डैंड्रफ पूरी तरह गायब करने के लिए अपनाएं ये नैचरल तरीका
बालों से झड़ते डैंड्रफ की समस्या को दूर करने के हममें से ज्यादातर लोग शैंपू पर निर्भर रहते हैं और एक के बाद एक शैंपू इसी उम्मीद में बदलते रहते हैं कि शायद इस शैंपू से हमारे सिर का डैंड्रफ पूरी तरह गायब हो जाएगा।
हालांकि ऐसा शायद ही किसी के साथ होता हो कि शैंपू का यूज करने से उसका डैंड्रफ चला जाए और उसके बालों के साथ ही सिर की त्वचा को कोई नुकसान ना हो। क्योंकि आमतौर पर सभी शैंपू तैयार करने में केमिकल्स का ही उपयोग किया जाता है। इसलिए इनके अधिक यूज से बालों की चमक फीकी पड़ने लगती है, बाल रूखे और कमजोर हो सकते हैं।
आमतौर पर शैंपू का उपयोग बालों की जड़ों को ठीक से साफ करने के लिए किया जाता है। ताकि सिर में जमा ऑइल और गंदगी बाहर निकल जाए। यदि आप शैंपू का उपयोग बहुत अधिक करने लगते हैं ताकि बालों को हर दिन साफ किया जा सके तो कुछ दिन तो आपको बाल साफ और सुंदर दिखेंगे।
लेकिन एक समय बाद आपके बाल रूखे, पतले, दोमुहे और बेजान होने लगेंगे। बालों की चमक फीकी पड़ जाएगी और बाल सफेद भी हो सकते हैं। जबकि कुछ लोगों में बालों के झड़ने की रफ्तार भी बढ़ सकती है। इसलिए यदि आप हर दिन बालों को साफ करना चाहते हैं तो शैंपू के उपयोग को नैचरल चीजों के यूज और ऑइलिंग के साथ बैलंस करें।
डैंड्रफ की प्रॉब्लम यूं तो बहुत कॉमन है लेकिन इसका समय पर इलाज न किया जाए तो ये पर्मानेंट समस्या बन सकती है। आपको ये जानकर भी हैरानी होगी कि डैंड्रफ की वजह से आपके चेहरे के साथ-साथ पीठ और कंधे पर पिंपल्स भी निकल आते हैं।
जबकि सिर में हर समय डैंड्रफ रहना आपके नाखूनों में फंगल इंफेक्शन का कारण भी बन सकता है। यानी जितना बुरा आपके लुक्स को खराब करने के लिए है उतना ही खतरनाक आपकी त्वचा की सेहत और सुंदरता के लिए भी है। इसलिए इस समस्या को हल्के में लेने की भूल ना करें।
किसी भी व्यक्ति के सिर में डैंड्रफ कई अलग-अलग कारणों से हो सकता है। जरूरी नहीं है कि तीन लोगों को डैंड्रफ की समस्या हो तो तीनों की समस्या की वजह भी एक ही हो। इसके साथ ही यह भी जरूरी नहीं है कि कोई एक समाधान सभी लोगों की समस्या को दूर कर सके। सिर में डैंड्रफ के सबसे सामान्य कारण इस प्रकार हैं...
बालों में पोषण की कमी
त्वचा का पीएच स्तर बिगड़ना
शरीर में पानी की कमी
केमिकल बेस्ड प्रॉडक्ट्स का ज्यादा यूज
स्कैल्प (बालों की जड़ों) को साफ न रखना
डैंड्रफ को मिटाने के लिए पहला उपाय है नींबू और नारियल का तेल। आपको चाहिए 2-3 चम्मच नारियल तेल और 1 नींबू। सबसे पहले कटोरी में 2 से 3 चम्मच नारियल का तेल लें और इसमें नींबू का रस मिलाएं। जब दोनों सामग्री अच्छी तरह से मिक्स हो जाएं तो कॉटन बॉल (रुई का फोहा) की मदद से इस मिश्रण को जड़ों पर लगाएं।
इस मिश्रण को बालों की जड़ों पर कम से कम 1 घंटे तक लगा रहने दें। इसके बाद माइल्ड शैंपू से बाल धोएं। आप ऐसे शैंपू का उपोग करें जिनमें रीठा, आंवला, एलोवेरा जैसे प्राकृतिक हर्ब्स का उपयोग किया गया हो।
नींबू और नारियल तेल को मिलाकर बालों पर लगाने से यह मिश्रण शैंपू से होनेवाले नुकसान को कम करता है। नींबू में साइट्रिक एसिड होता है। यह सिर की त्वचा पपड़ी उतरने की प्रक्रिया को कम करता है। साथ ही इसके अंदर मौजूद ऐंटिफंगल और ऐंटिबैक्टीरियल प्रॉपर्टीज सिर की त्वचा को इंफेक्शन फ्री करती हैं।
नारियल का तेल बालों की जड़ों में लगाने से स्कैल्प सूखते नहीं हैं। जिससे रूसी की संभावना कम हो जाती है। इसके साथ ही यह तेल आपके सिर की त्वचा में नमी को ब्लॉक करने का काम करता है। इससे बालों में रूखापन नहीं बढ़ता है और पूरा पोषण मिलता है।
इस उपाय को करने के लिए आप 2-3 चम्मच बेकिंग सोडा लेकर इसे थोड़े से पानी घोलकर पेस्ट बना लीजिए। यह पेस्ट ना तो बहुत गाढ़ा होना चाहिए और ना ही एकदम पतला। तैयार मिश्रण को बालों की जड़ों में लगाएं।
जब बालों में अच्छी तरह यह मिश्रण लग जाए तो इसे 10 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर अपने बालों को हर्बल शैंपू से धो लें। बेकिंग सोडा में ऐंटिफंगल गुण होते हैं, जो डैंड्रफ पैदा करने वाले फंगस के इलाज में मदद करते हैं।
अपने बालों की लंबाई के हिसाब से रात को सोने से पहले मेथी दाना लेकर पानी में भिगोकर रख दें। सुबह इस मेथी दाना को मिक्सी में पीसकर पेस्ट बना लें। लड़कों के बालों के लिए आमतौर पर 3 चम्मच मेथी दाना काफी होता है। इस पेस्ट में एक चम्मच नारियल तेल मिला लें।
तैयार पेस्ट को अच्छी तरह बालों की जड़ों में लगाएं और एक घंटे के लिए लगा रहने दें। इसके बाद अपने बालों को गुनगुने पानी से धो लें। इसके लिए हर्बल शैंपू का ही उपयोग करें। यहां बताई गई सभी हर्बल रेमेडीज बहुत प्रभावी हैं। इन उपायों को अपनाकर आपको एक ही बार में असर देखने को मिलेगा।
डैंड्रफ का पर्मानेंट इलाज इस बात पर निर्भर करता है कि समस्या का कारण क्या है। लेकिन यहां बताई गई रेमेडीज से आप हर सप्ताह कम से कम दो बार अपने बालों की देखभाल करेंगे तो डैंड्रफ की समस्या जड़ से खत्म हो जाएगी।
इसके साथ ही आपको अपनी डायट पर ध्यान रखना होगा और हर दिन पर्याप्त मात्रा में पानी भी पीन होगा। ताकि आपके बालों को पूरा पोषण मिल सके और सिर की त्वचा में नमी बनी रहे। बाल धोते समय गुनगुने पानी का उपोग करें, गर्म पानी का नहीं। इससे बालों को नुकसान पहुंचता है।

पाठको की राय