Wednesday, October 21st, 2026

राम मंदिर निर्माण के लिए दान में आ चुकी हैं 400 किलो चांदी की ईंटे

    लखनऊ
अयोध्‍या में बन रहे राम मंदिर के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्‍या में चांदी की ईंटें दान कर रहे हैं। श्रीरामजन्‍मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्‍ट के पास चांदी की ईंटों का अंबार लग गया है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 400 किलो चांदी की ईंटें दान में आ चुकी हैं। ट्रस्‍ट ने रामभक्‍तों से अब आगे चादी की ईंटें न दान करने की अपील की है क्‍योंक‍ि बैंक लॉकर्स में इसे रखने के लिए जगह नहीं बची है।

ट्रस्‍ट के सदस्‍य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि राम मंदिर निर्माण के लिए पूरे देश से लोग चांदी की ईंटें भेज रहे हैं। अब हमारे पास इतनी ज्‍यादा मात्रा में चांदी की ईंटें हो गई हैं कि उन्‍हें सुरक्षित रखने की समस्‍या सामने आ खड़ी हुई है। इसलिए ट्रस्‍ट ने अब चांदी की ईंट न दान करने की अपील की है। हमारे सभी बैंक लॉकर्स चांदी की ईंटों से भर गए हैं।

'चांदी की ईंटों की सुरक्षा के लिए खर्च हो रहा काफी पैसा'
डॉ. मिश्र का कहना है कि ट्रस्‍ट रामभक्‍तों की भावनाओं का आदर करता है पर उनसे अपील है कि अब वे दान में चांदी की ईंटें न भेजें। हमें इनको सुरक्षित रखने लिए काफी पैसा खर्च करना पड़ रहा है। मिश्रा ने कहा कि अगर आगे राम मंदिर निर्माण के लिए चांदी की ईंटों की आवश्‍यकता पड़ेगी तो श्रद्धालुओं से फिर इन्‍हें दान करने की अपील की जाएगी।

1600 करोड़ रुपये से ज्‍यादा आ चुका है चंदा
राम मंदिर ट्रस्‍ट सूत्रों के मुताबिक, मंदिर निर्माण के लिए पूरे देश से अबतक 1600 करोड़ रुपये से ज्‍यादा का चंदा आ चुका है। ट्रस्‍ट की तरफ से बनाए गए कई समूह अभियान चलाकर हर घर से चंदा एकत्र कर रहे हैं। लोगों से चेक और ऑनलाइन माध्‍यम से भी दान लिया जा रहा है। ट्रस्‍ट के महासचिव चंपत राय ने कुछ दिनों पहले बताया था कि चंदा अभियान में करीब एक लाख 50 हजार टीमें लगी हैं। 39 महीनों के भीतर राम मंदिर का निर्माण होने की उम्‍मीद जताई जा रही है।

 

#राम मंदिर

Source : Agency

पाठको की राय