एक महीने में चार लाख मुर्गे-मुर्गियों की मौत हुई हरियाणा में
चंडीगढ़
जहां कोरोना महामारी के बीच एक तरफ वैक्सिनेशन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है वहीं बर्ड फ्लू की खबरों ने लोगों के होश फाख्ता कर दिए हैं। हरियाणा सरकार में मंत्री जेपी दलाल ने इस बीच बताया है कि यहां एक महीने में तकरीबन 4 लाख मुर्गे-मुर्गियों की मौत हुई है। हमने जांच के लिए सैंपल्स जालंधर भेजे हैं। कई पोल्ट्री फॉर्मों से सैंपल भोपाल भी भेजे गए थे। इन नमूनों में से दो एच5एन8 (H5N8) से संक्रमित (पॉजिटिव) पाए गए हैं।
राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान दस और जिलों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आए हैं। अब तक राज्य के 18 जिलों में पक्षियों की मौत के मामले देखे जा चुके हैं। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में हाल ही में पोंग बांध में मृत पाए गए दो हजार तीन सौ से अधिक प्रवासी पक्षी बर्ड फ्लू से संक्रमित पाए गए हैं। मध्य प्रदेश के इंदौर में अगार- मालवा और मंदसौर जिलों में मृत कौवों में एच-5 एन-8 वायरस पाया गया है। पशुपालन विभाग राज्य में पहले ही बर्ड फ्लू की चेतावनी जारी कर चुका है।

पाठको की राय