सांसद स्मृति ईरानी ने अपने घर के लिए अमेठी में जमीन खरीदी
अमेठी
1980 से 2019 तक गांधी परिवार का गढ़ रही अमेठी की लोकसभा सीट सोमवार को एक नए सियासी परिवर्तन की साक्षी बनी है। 4 दशक तक दिल्ली में रहने वाले सांसदों की नुमाइंदगी देख चुकी अमेठी में अब स्थानीय सांसद स्मृति ईरानी ने अपना आवास बनाया है। स्मृति का स्थानीय आवास भले ही उनका कैंप कार्यालय बनकर रहने वाला है, लेकिन इस आवास ने उनकी सियासी जमीन को अमेठी की राजनीति में और मजबूत कर डाला है। स्मृति का नया घर उनके उस चुनावी वादे की बुनियाद पर बनने जा रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेठी अब रिमोट से नहीं चलेगी।
2019 के चुनाव के दौरान अमेठी में स्मृति ईरानी ने कहा था कि अमेठी में जो भी नेता गांधी परिवार की ओर से सांसद बने, उन्होंने अमेठी को सिर्फ एक टूरिज्म डेस्टिनेशन की तरह ही समझा। स्मृति ने कहा था कि अमेठी को दिल्ली के रिमोट से चलाने की कोशिश होती रही है, लेकिन 2019 में अगर वो अमेठी की सांसद बनती हैं तो वह यहां पर अपना घर बनाएंगी, जिससे कि वह यहां के लोगों के बीच ही रह सकें। चुनाव के करीब पौने दो साल के बाद अब स्मृति का ये वादा जमीन पर उतर गया है। स्मृति ने अमेठी में अपने आवास के लिए जमीन की रजिस्ट्री करा ली है और जल्द ही उनके घर का निर्माण कार्य भी शुरू होने जा रहा है।
साढ़े 10 बिस्वा जमीन की रजिस्ट्री
स्मृति ने अमेठी शहर से करीब 3 किलोमीटर दूर टेकरिया-मेदन मवई गांव की सड़क पर करीब साढ़े 10 बिस्वा जमीन खरीदी है। इस जमीन की रजिस्ट्री का काम आज हुआ, जिसके लिए स्मृति खुद दिल्ली से अमेठी पहुंचीं। दोपहर करीब बारह बजे स्मृति ने यहां के जिलाधिकारी कार्यालय में जमीन की रजिस्ट्री का काम पूरा कराया। जमीन की मालकिन रहीं फूलमती के बेटे ने कहा कि स्मृति का आवास बन जाने के बाद इस इलाके का विकास होगा।
स्थानीय लोगों के लिए कई सुविधाओं का प्लान
स्मृति का यह नया आवास किस रूप में बनेगा यह तो अभी तय किया जाना है, लेकिन स्थानीय प्रतिनिधियों के मुताबिक स्मृति हर महीने इस घर में अमेठी के आम लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए यहां मौजूद रहेंगी। इसके अलावा संसदीय क्षेत्र के सभी विकास कार्यों के लिए यहां एक पूरी टीम को भी बैठाया जाएगा। अब तक अमेठी में राहुल गांधी के सांसद रहते उनके स्थानीय प्रतिनिधियों के माध्यम से ही जनसमस्याओं का निराकरण हो पाता था, लेकिन स्मृति ने यहां पर अपना घर बनवाकर स्थानीय बनाम बाहरी का एक नया समीकरण बनाने की कोशिश की है।

पाठको की राय