वड़ोदरा निकाय चुनाव में कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी
वड़ोदरा
गुजरात में निकाय चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हैं. वड़ोदरा निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी किया. इसमें युवाओं को आकर्षित करने के लिए डेटिंग डेस्टिनेशन बनाने का वादा किया गया है. इससे वड़ोदरा की राजनीति में हचलल पैदा हो गई है. बीजेपी ने तंज कसा है कि जैसा संस्कार है कांग्रेस वैसा ही बात कर रही है.
गुजरात में 6 नगर निगमों के चुनाव के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां जोर लगा रही हैं. आज वड़ोदरा कांग्रेस ने नगर निगम चुनाव के लिए अपना मेनिफेस्टो जारी किया. वड़ोदरा को संस्कारी नगरी कहा जाता है. लेकिन इस संस्कारी नगरी में कांग्रेस के घोषणा पत्र में युवाओं के लिए डेटिंग डेस्टिनेशन सेंटर बनाने का वादा किया गया है.
कांग्रेस के घोषणा पत्र में लिखा है कि अगर पार्टी सत्ता में आती है तो डेटिंग डेस्टिनेशन तैयार किए जाएंगे. वड़ोदरा कांग्रेस के अध्यक्ष प्रशांत पटेल का कहना है कि युवा वर्ग को भी जीने का अधिकार है. जो कैफे सेंटर हैं उसे सरकार ने बंद कर दिया है. वैसे भी अमीर लड़के ही कैफे सेंटर जा सकते हैं. गरीब और मध्यम वर्ग के युवा लड़के कहां जाएंगे? इसी के मद्देनजर हम सरकार में आकर गरीब युवा के लिए ऐसी व्यवस्था बनाएंगे जहां वे तसल्ली से बैठ पाएं.
गौरतलब है कि वड़ोदरा कांग्रेस की ओर से 19 वार्डों में अपने 76 उम्मीदवार उतारे गए हैं. दूसरी ओर बीजेपी मिशन 76 लेकर चल रही है.

पाठको की राय