खरगोन के मटन मार्केट में दो पक्षों में जमकर पथराव
खरगोन
खरगोन जिले में दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ है। पथराव का वीडियो भी सामने आया है। इसमें दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे पर पत्थर बरसा रहे हैं। घटना के दौरान पूरे इलाके में अफरातफरी की स्थिति कायम हो गई थी। प्रशासन के वरीय अधिकारियों को जैसे ही जानकारी मिली लोग मौके पर पहुंच गए। उसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया है। तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
दरअसल, शहर के तवड़ी मोहल्ला मटन मार्केट में दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी। विवाद इतना बढ़ा कि लोगों ने एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। छतों के ऊपर से और गलियों में से एक दूसरों पर जमकर पत्थर फेंक रहे थे। पुलिस को सूचना मिलने पर एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही भारी संख्या में वहां पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति क्यों निर्मित हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि तवड़ी मोहल्ले के मटन मार्केट में दो पक्षों में विवाद हो गया था। इसके बाद पथराव हुआ। हमने मौके पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया। अभी कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले की जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।

पाठको की राय