पूर्व केंद्रीय मंत्री कैप्टन सतीश शर्मा का बुधवार रात गोवा में निधन
गोवा
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन सतीश शर्मा का बुधवार रात गोवा में निधन हो गया। 73 वर्षीय शर्मा रायबरेली और अमेठी से सांसद रह चुके थे। जितिन प्रसाद और अलका लांबा समेत अनेक कांग्रेसी नेताओं ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है। कैप्टन सतीश शर्मा केंद्र सरकार में पेट्रोलियम मंत्री रह चुके थे।
कैप्टन शर्मा के बेटे समीर ने बताया, ‘उनका गोवा में रात आठ बजकर 16 मिनट पर निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को दिल्ली में किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर गोवा से दिल्ली लाया जा रहा है।’
कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
कैप्टन शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए जितिन प्रसाद ने ट्वीट किया है - 'कैप्टन सतीश शर्मा के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। अपने युवा सहयोगियों के प्रति उनका रवैया हमेशा प्रोत्साहित करने वाला रहा। उनकी कमी हमेशा खलेगी। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।' वहीं, कांग्रेस नेता अलका लांबा ने कैप्टन सतीश शर्मा के साथ अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
1991 में अमेठी से चुनाव जीतकर बने सांसद
11 अक्टूबर, 1947 को तेलंगाना के सिकंदराबाद में जन्मे कैप्टन सतीश शर्मा ने देहरादून से शिक्षा ग्रहण की थी। बाद में वह पेशेवर पायलट बने।1991 में वह पहली बार अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट से चुनाव जीतकर सांसद बने। जनवरी 1993 से दिसंबर 1996 तक वह केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री के पद पर रहे।

पाठको की राय